अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम सोमवार को देहरादून से विभिन्न जनपदों के लिए रवाना

देहरादून, 8 सितंबर। आपदा से हुई क्षति का आकलन और जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम सोमवार को देहरादून से विभिन्न जनपदों के लिए रवाना हो गई।
सोमवार सुबह राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने टीम को आपदा से हुई क्षति के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी।

टीम उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों का भ्रमण करेगी। इस दल का नेतृत्व गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना कर रहे हैं। उनके साथ छह अन्य अधिकारी भी हैं, जिनमें अनु सचिव शेर बहादुर, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार, उप निदेशक विकास सचान, मुख्य अभियंता पंकज सिंह और निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह शामिल हैं।

इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ितों को हरसंभव और त्वरित सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


