पत्रकार हितों की रक्षा के लिए एकजुट होना जरूरी, यूपीयू की जसपुर इकाई की बैठक में चर्चा

जसपुर, 30 अगस्त। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन की जसपुर इकाई की बैठक शुक्रवार को सुभाष चौक स्थित एक बैंकट हॉल में आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य मुद्दा तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता दिलाने और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का रहा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आशीष ध्यानी, प्रदेश महामंत्री हरीश जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तिलक राज और किरण शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। स्थानीय इकाई की ओर से सभी पदाधिकारियों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं, लेकिन आए दिन उन्हें अपमान, अभद्रता और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए संगठन ने एकजुट होकर उनका विरोध करने का संकल्प लिया।
प्रदेश अध्यक्ष आशीष ध्यानी ने कहा कि यूनियन का लक्ष्य केवल संगठन को मजबूत करना नहीं है, बल्कि पत्रकारों के हक और सम्मान की रक्षा करना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूनियन किसी भी पत्रकार के साथ हो रहे अन्याय या उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने सभी पत्रकारों से आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने और एकजुट रहने का आह्वान किया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के हित में एक ठोस नीति बनाई जाने की मांग रखी जाएगी। इसमें तहसील स्तर पर मान्यता देने और आर्थिक सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार पत्रकारों को लेकर गंभीर है तो उसे निचले स्तर तक काम करने वाले पत्रकारों की समस्याओं पर ध्यान देना होगा।
कार्यक्रम का संचालन आलम रज़ा ने किया। इस मौके पर जिलामंत्री विनोद कुमार, सुशील चौहान, महेंद्र राही, हसीब सिद्दीकी, कुलदीप सिंह, तौफीक अहमद, युसूफ मंसूरी, सावित्री देवी, चित्रा भटनागर और प्रकाश पुंज सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।



One thought on “पत्रकार हितों की रक्षा के लिए एकजुट होना जरूरी, यूपीयू की जसपुर इकाई की बैठक में चर्चा”