दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध रूप से रह रहीं दो बांग्लादेशी गिरफ्तार

देहरादून, 07 नवंबर 2025। आगामी वीवीआईपी कार्यक्रमों की सुरक्षा के चलते चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस व एलआईयू की संयुक्त टीम ने कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र से दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से अवैध रूप से भारत में रह रही थीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देश पर जिले में संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन व जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संस्कृति लोक कॉलोनी, पटेलनगर क्षेत्र में जांच के दौरान पुलिस टीम को दो संदिग्ध महिलाएं मिलीं। गहन पूछताछ में दोनों के बांग्लादेश की नागरिक होने की पुष्टि हुई। तलाशी के दौरान उनके मोबाइल फोन से बांग्लादेशी पहचान पत्र भी बरामद किए गए।
दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग समय पर अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में दाखिल हुई थीं। कुछ समय विभिन्न स्थानों पर रहने के बाद दोनों दिल्ली में मिलीं और फिर साथ मिलकर देहरादून पहुंचीं।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि एक महिला स्वाति उपाध्याय उर्फ मरियम ने दिल्ली से देहरादून आने वाली टैक्सी के चालक धर्मवीर को अपनी बातों में फंसाकर उससे विवाह कर लिया था। दोनों की एक साल की बेटी भी है। वहीं दूसरी महिला शिवली अख्तर उर्फ जॉली उर्फ सना ने सहारनपुर में एक बढ़ई सलमान से विवाह किया था। उसने खुद को मॉल में कार्यरत बताकर सलमान को शादी के लिए राजी किया था। इस महिला का दस माह का पुत्र है।
पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं को नियमानुसार डिपोर्ट किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी देहरादून पुलिस “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत जिले में अवैध रूप से रह रहे सात बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर डिपोर्ट कर चुकी है, जबकि सात अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया था।


