एसएसपी दून ने बुजुर्ग को दिलाया भरोसा, कहा “दून पुलिस हर कदम पर आपके साथ”

देहरादून, 06 सितंबर। उम्र के आख़िरी पड़ाव पर जब अकेलापन और लाचारी किसी बुजुर्ग को घेर ले, तब पुलिस का सहारा किसी संबल से कम नहीं होता। कुछ ऐसा ही हुआ देहरादून में, जब 83 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुँचे। चलने-फिरने में असमर्थ इस बुजुर्ग की परेशानी की खबर मिलते ही एसएसपी दून स्वयं अपने कार्यालय से बाहर निकले और सीधे बुजुर्ग के वाहन तक जाकर उनसे मुलाकात की।
बुजुर्ग ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि वह अकेले रहते हैं और अपने घर में एक किरायेदार को जगह दी थी। भरोसे का फ़ायदा उठाकर उस किरायेदार ने उनसे लाखों की रकम हड़प ली और अब पैसे लौटाने के नाम पर लगातार टालमटोल कर रहा है। ठगे जाने की पीड़ा और उपेक्षा का बोझ लेकर यह बुजुर्ग पुलिस के पास पहुँचे थे।
एसएसपी ने न केवल धैर्यपूर्वक उनकी पूरी समस्या सुनी, बल्कि तुरंत ही मौके से बसंत विहार थाना प्रभारी को बुलाकर मामले की गंभीरता के आधार पर जांच करने और बुजुर्ग की रकम वापस दिलवाने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं, उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को यह भी कहा कि समय-समय पर बुजुर्ग के घर जाकर उनका हालचाल लिया जाए और हर संभव मदद दी जाए।


