उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए जर्मनी में खुलेगा रोजगार और नवाचार का मार्ग

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड सरकार और जर्मनी स्थित इनोवेशन हब राइन-माइन के बीच लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए गए। इस करार का उद्देश्य राज्य के कुशल युवाओं को जर्मनी में स्वास्थ्य, ऑटोमोबाइल, व्यावसायिक प्रशिक्षण, हाइड्रोजन एवं नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप नवाचार जैसे क्षेत्रों से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को युवाओं के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरकार लगातार युवाओं के कौशल विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न देशों की मांग के अनुरूप राज्य के युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। कौशल विकास के साथ-साथ विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप कई युवा विदेशों में रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर सहित जर्मन प्रतिनिधिमंडल से राउनहाइम शहर के मेयर डेविड रेंडल, विदेशी निवेश प्रकोष्ठ के सलाहकार सौरभ भगत और इनोवेशन हब राइन-माइन के सीईओ स्टीफन विट्टेकिंड मौजूद रहे।


