हरिद्वार में विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, महिला आयोग ने लिया संज्ञान

हरिद्वार, 13 अक्टूबर 2025। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस अमानवीय घटना पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए जिला पुलिस प्रशासन को त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मामला हरिद्वार जनपद के रोशनाबाद क्षेत्र के एक गांव का है, जहां विवाहिता भारती को उसके ससुराल पक्ष ने कथित रूप से पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना में भारती 80 प्रतिशत तक झुलस गई है और वर्तमान में एम्स ऋषिकेश में गंभीर अवस्था में उपचाराधीन है।
मिली जानकारी के अनुसार, भारती की शादी अक्टूबर 2024 में आशीष कुमार पुत्र विजय पाल से हुई थी। शुरुआती कुछ महीने सामान्य बीते, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता की बहन ने बताया कि परिवार की ओर से कई बार समझौते के प्रयास हुए, लेकिन अत्याचार रुकने का नाम नहीं लिया। आरोप है कि 24 सितंबर 2025 को बेटी के जन्म के बाद भारती पर उत्पीड़न और बढ़ गया। अंततः 11 अक्टूबर को पति आशीष कुमार, ससुर विजय पाल, सास, ननद और जेठ ने मिलकर उसे पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया।
घटना की शिकायत पर महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने इसे “मानवता को झकझोर देने वाली” बताते हुए कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और हर दोषी को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल को तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कंडवाल ने पीड़िता के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह घटना महिला सुरक्षा और न्याय की कसौटी बनेगी।
वहीं, एसओ सिडकुल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच जारी है। पुलिस टीम इस नृशंस कृत्य के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Health से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें


