‘इंस्टाग्राम’ पर दोस्ती कर 14 वर्षीय बालिका को भगा ले गया ‘काकू’, पुलिस ने किया गिरफ्तार

देहरादून, 12 सितंबर। सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती कब खतरनाक मोड़ ले ले, इसका ताजा उदाहरण रायपुर क्षेत्र में सामने आया। 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक युवक अपने साथ बहला-फुसलाकर भगा ले गया। मामले की शिकायत पर दून पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला 10 सितंबर का है, जब कंडोली निवासी एक महिला ने थाना रायपुर में अपनी 14 वर्षीय बेटी के लापता होने की सूचना दी। तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सोशल मीडिया अकाउंट्स की बारीकी से जांच की। इस दौरान यह सुराग मिला कि बालिका की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हरिद्वार निवासी एक युवक से हुई थी, जिसके साथ उसे रायपुर क्षेत्र में देखा गया।
पुलिस ने मैनुअल सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से युवक की लोकेशन ट्रेस की और लाडपुर तिराहे के पास से 23 वर्षीय प्रकाश जैन उर्फ काकू को धर दबोचा। प्रकाश जैन, हरिद्वार के भूपतवाला स्थित अमृत गंगा अपार्टमेंट का निवासी है। आरोपी से बरामदगी के दौरान नाबालिग बालिका को भी सकुशल पुलिस टीम ने सुरक्षित किया।
पुलिस ने आरोपी पर अपहरण और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल ऑपरेशन में थाना रायपुर पुलिस की टीम— उपनिरीक्षक राजीव धारीवाल, म0उ0नि0 वर्षा रमोला, हे0का0 महावीर सिंह और का0 प्रेम पंवार शामिल रहे।


