खतरे में डाली यात्रियों की जान, नशेड़ी बस चालक गिरफ्तार

कर्नाटक के तीर्थयात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया यमुनोत्री धाम
उत्तरकाशी 09 अक्टूबर 2025। उत्तरकाशी पुलिस ने नशे की हालत में बस चालक को गिरफ्तार किया है। सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत धरासू पुलिस की टीम ने नगुण बैरियर पर चेकिंग के दौरान कार्रवाई की। बस में कर्नाटक के यात्री यमुनोत्री धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। पुलिस ने दूसरी बस का इंतजाम कर श्रद्धालुओं को यमुनोत्री भेजा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को पुलिस टीम नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बस संख्या UK15P 0269 नगुण बैरियर पर पहुंची। चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने चालक से पूछताछ की, तो उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को धारा 3, 5, 181, 185, 202, 207 मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के अंतर्गत सीज कर दिया और चालक को हिरासत में ले लिया।
बताया गया कि उक्त बस में कर्नाटक से आए तीर्थयात्री सवार थे, जो यमुनोत्री धाम यात्रा के लिए जा रहे थे। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तुरंत दूसरी बस की व्यवस्था की और सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रूप से आगे की यात्रा के लिए रवाना किया।


