कुंभ मेला क्षेत्र लालजीवाला अतिक्रमण मुक्त, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

हरिद्वार, 15 सितंबर। जिला प्रशासन ने कुंभ मेला क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में बड़ी कार्यवाही की है। सोमवार को लालजीवाला क्षेत्र में बसे अवैध झुग्गियों और झोपड़ियों को प्रशासनिक अमले ने हटवा दिया। इस अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने किया।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश और जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। लालजीवाला क्षेत्र में करीब 200 झुग्गियां और झोपड़ियां बनाकर कब्जा किया गया था। सिंचाई विभाग ने इन्हें हटाने के लिए 20 दिन पूर्व नोटिस जारी किया था, लेकिन अतिक्रमणकारियों ने इसे अनदेखा कर दिया।
आज सुबह एसडीएम जितेंद्र कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी एस.एस. नेगी की देखरेख में टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध झुग्गियों और झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कुंभ मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कुंभ मेला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने की यह पहल न केवल यातायात और सुरक्षा दृष्टि से अहम है, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले इस स्थल की गरिमा बनाए रखने में भी बड़ी भूमिका निभाएगी।


