‘लाइक’ और ‘व्यूज’ के चक्कर में तमंचे से फायरिंग, पुलिस ने तीन को भेजा जेल

‘लाइक’ और ‘व्यूज’ के चक्कर में तमंचे से फायरिंग, पुलिस ने तीन को भेजा जेल

देहरादून, 13 सितंबर। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज का नशा युवाओं के लिए कभी–कभी मुसीबत बन रहा है। ऐसे ही वायरल होने के मकसद से डाली गई वीडियो तीन युवकों को भारी पड़ गई। इंस्टाग्राम पर तमंचे से फायरिंग कर वीडियो डालने वाले इन युवकों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पुलिस के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो तेजी से वायरल हो रहे थे, जिनमें युवक खुलेआम अवैध तमंचों का प्रदर्शन कर फायरिंग करते हुए नजर आ रहे थे। इन वीडियो को देखने के बाद देहरादून एसएसपी ने तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही थाना रायवाला पुलिस सक्रिय हुई और जांच में पता चला कि वीडियो छिद्दरवाला फ्लाईओवर के पास शूट किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस की मेहनत रंग लाई और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर तीन युवकों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र रामू निवासी छिद्दरवाला, भूपेंद्र उर्फ भूरे पुत्र स्वर्गीय राजू निवासी बिजनौर (वर्तमान में छिद्दरवाला) और दीपांशु कुमार पुत्र महिपाल निवासी गन्ना सेंटर छिद्दरवाला के रूप में हुई। इनमें से भूपेंद्र और दीपांशु के पास से दो अवैध देसी तमंचे बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी दीपक ने कबूल किया कि उसने ये तमंचे सहारनपुर से खरीदे थे। वीडियो वायरल करने के लिए उसने फ्लाईओवर के नीचे फायरिंग की और उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। यही नहीं, उसने एक तमंचा अपने चचेरे भाई दीपांशु को दे दिया था, जबकि दूसरा तमंचा अपनी पकौड़े की दुकान पर काम करने वाले भूपेंद्र को बेच दिया था। इसके बाद दीपांशु ने भी अपने साथियों पर धौंस जमाने के लिए तमंचे का प्रदर्शन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर डाला।

पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ रायवाला थाने में आर्म्स एक्ट के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जैनेन्द्र राणा, हेड कांस्टेबल पंकज, हेड कांस्टेबल राजीव यादव, कांस्टेबल प्रदीप गिरी, कांस्टेबल अनुज चौधरी, कांस्टेबल विश्वास और कांस्टेबल अरविंद शामिल रहे।

दून के एसएसपी अजय सिंह ने कहा है कि इस तरह के मामलों को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मोबाइल मिला तो आई चेहरे पर मुस्कान, दून पुलिस ने लौटाए 53 लाख के 228 फोन

Sat Sep 13 , 2025
मोबाइल मिला तो आई चेहरे पर मुस्कान, दून पुलिस ने लौटाए 53 लाख के 228 फोन देहरादून, 13 सितंबर। मोबाइल फोन हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। ये अब इतना जरूरी हो गया है कि खोने या चोरी होने पर इंसान अपनों के खोने जैसा दुख महसूस […]

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!