मशहूर अभिनेता असरानी का 84 वर्ष की उम्र में निधन

मुंबई, 21 अक्टूबर 2025। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता असरानी का सोमवार को निधन हो गया। 84 वर्षीय असरानी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने दिवाली के दिन दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच अंतिम सांस ली।
असरानी का पूरा नाम गोवर्धन असरानी था। उनका जन्म 1 जनवरी 1941 को जयपुर (राजस्थान) में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जेवियर्स स्कूल, जयपुर से प्राप्त की थी। बचपन से ही अभिनय के प्रति रुझान रखने वाले असरानी ने 1960 के दशक में फिल्मों में कदम रखा और अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और अनोखे अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
असरानी को पहला ब्रेक 1967 में फिल्म ‘हरे कांच की चूड़ियां’ से मिला, जिसमें उन्होंने अभिनेता बिस्वजीत के दोस्त का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्होंने ‘बावर्ची’, ‘चुपके चुपके’, ‘छोटी सी बात’, ‘खट्टा मीठा’, ‘भूल भुलैया’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। वहीं, फिल्म ‘शोले’ में जेलर के किरदार ने उन्हें अमर कर दिया।
करीब पांच दशक से अधिक लंबे करियर में असरानी ने 350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने न केवल हास्य भूमिकाओं में बल्कि सहायक किरदारों में भी अपनी अलग पहचान बनाई। 1970 के दशक में वह अपने करियर के शिखर पर थे और उस दौर में लगभग हर बड़े बैनर की फिल्मों में नजर आते थे।
सोमवार शाम असरानी का अंतिम संस्कार सांताक्रुज स्थित शास्त्री नगर श्मशानभूमि में उनके परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में शांतिपूर्वक किया गया।
फिल्म इंडस्ट्री में असरानी को एक ऐसे कलाकार के रूप में हमेशा याद किया जाएगा, जिन्होंने अपनी कॉमेडी और सहज अभिनय से हिंदी सिनेमा को नई दिशा दी और करोड़ों दर्शकों को मुस्कुराने का कारण बने।


