मसूरी में मरीजों की जान पर संकट, डीएम के निर्देश पर 13 मरीजों का सुरक्षित ट्रांसशिपमेंट

देहरादून, 17 सितम्बर। अतिवृष्टि के चलते मसूरी रोड का एक हिस्सा वाशआउट होने से मसूरी का देहरादून से सीधा संपर्क टूट गया। इस आपदा की वजह से मसूरी में डायलिसिस और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की जान पर संकट मंडरा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक मसूरी ने जिला प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाई।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने खुद मोर्चा संभालते हुए मरीजों को सुरक्षित देहरादून पहुंचाने के निर्देश दिए। हालांकि शुरुआत में मरीजों को एयरलिफ्ट करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन खराब मौसम के चलते यह संभव नहीं हो पाया। इसके बाद डीएम के निर्देश पर एसडीएम मसूरी राहुल कुमार और एसडीएम कुमकुम जोशी ने मोर्चा संभालकर मरीजों को ट्रांसशिपमेंट के जरिए सड़क मार्ग से सुरक्षित पहुंचाया।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई में कुल 13 मरीजों को सुरक्षित रूप से देहरादून लाया गया। इनमें 9 डायलिसिस मरीज, एक हृदयाघात पीड़ित, एक सिर की गंभीर चोट वाला मरीज, एक मेटाकार्पल बोन फ्रैक्चर का मरीज और एआरडीएस से पीड़ित एक वर्ष का शिशु शामिल था। सभी को एंबुलेंस के माध्यम से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रशासन का कहना है कि डायलिसिस मरीजों का समय पूरा हो चुका था और अन्य मरीजों की हालत भी गंभीर थी, जिनका तत्काल उपचार आवश्यक था। ऐसे में जिला प्रशासन की तत्परता से समय रहते सभी मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका।


