मसूरी रोड पर बाइक खाई में गिरी, पिता की मौत, पुत्र घायल

देहरादून, 06 अक्टूबर 2025। राजधानी देहरादून में मसूरी रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार पिता-पुत्र गहरी खाई में गिर गए। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोलूखेत चौकी क्षेत्र के अंतर्गत नगर पालिका टोल से लगभग एक किलोमीटर आगे की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर आपदा राहत बल (SDRF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। SDRF पोस्ट सहस्त्रधारा से उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में राहत दल आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। टीम के मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि एक मोटरसाइकिल (UK 07 AB 7926) सवार दो व्यक्ति खाई में गिर गए हैं।
जिला पुलिस और SDRF की संयुक्त टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया गया कि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को पहले ही अस्पताल भेजा जा चुका था, जबकि पिता की मृत्यु मौके पर ही हो चुकी थी। SDRF टीम ने मृतक के शव को लगभग सैकड़ों फीट गहरी खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया और उसे विधिक कार्यवाही हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया।
मृतक की पहचान असवाक अहमद (40 वर्ष), पुत्र फारूक अहमद, निवासी रायपुर अधोईवाला के रूप में हुई है। वहीं, घायल किशोर का नाम फैजान अहमद (14 वर्ष), पुत्र असवाक अहमद, निवासी रायपुर अधोईवाला बताया गया है।


