‘नोरा’ का शो देखने निकलें तो ट्रैफिक प्लान जरूर देखें, नहीं होगी फजीहत

देहरादून, 5 अक्टूबर 2025। ‘बादशाह-नोरा फतेही’ शो के दौरान देहरादून पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। शो और फाइनल मैच में दर्शकों की संख्या को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने गाइड लाइन जारी की है।
देहरादून के राजीव गांधी स्टेडियम में होने वाले UPL क्लोजिंग सेरेमनी कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था में आंशिक परिवर्तन किया गया है। शाम 3 बजे से 6 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार बैडशाह और नोरा फतेही प्रस्तुति देंगे। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम स्थल के आसपास खाली मैदानों में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। दर्शकों की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों हेतु अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल तक एल्मुड़ी रोड, राजपुर रोड, एफआरआई, एमकेपी चौक, और बल्लूपुर चौक से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। इसके अतिरिक्त फत्तेपुर, गढ़ी कैंट, मोथरोवाला, और सहस्रधारा की ओर से आने वालों को भी निर्दिष्ट पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की रॉन्ग पार्किंग करने पर वाहन को क्रेन से उठाया जाएगा और ₹1200 का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए शहर में दो ट्रैफिक क्रेन तैनात की गई हैं। असुविधा से बचने के लिए निर्धारित पार्किंग पर ही वाहनों को पार्क करें।
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में 10 ट्रैफिक मोबाइल टीमें और पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं, आवश्यक सेवाओं जैसे एंबुलेंस, फायर सर्विस और पुलिस वाहनों के लिए मार्ग खुला रखा जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, भगदड़ से बचें और कार्यक्रम स्थल पर समय से दो घंटे पहले पहुंचें। साथ ही सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अधिक से अधिक लोगों तक यह जानकारी साझा करें ताकि किसी को असुविधा न हो। संपर्क सहायता के लिए
डायल 112 या ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 7579278154 पर संपर्क किया जा सकता है।


