शौक और नशे की पूर्ति के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को देता था अंजाम

देहरादून, 13 सितम्बर। राजधानी में बढ़ते स्ट्रीट क्राइम पर दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को दबोच लिया है। आरोपी से चोरी की तीन स्कूटी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और अपने शौक व नशे की पूर्ति के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। खास बात यह रही कि आरोपी को सफेद रंग की स्कूटी चलाने का शौक था और वह ज्यादातर सफेद रंग की गाड़ियों को ही निशाना बनाता था।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने बताया कि 19 अगस्त को हीरो शोरूम के बाहर से एक व्यक्ति की स्कूटी चोरी हो गई थी। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज किया गया और एसएसपी देहरादून के निर्देश पर टीम गठित की गई। लगातार सुरागरसी और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद 13 सितम्बर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ट्यूलिप फार्म के पास चैकिंग के दौरान आरोपी सूरज भंडारी (28) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी संख्या UK07AZ 4388 बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नेहरू कॉलोनी और डालनवाला क्षेत्र से दो अन्य स्कूटी भी चोरी की थीं, जिन्हें उसकी निशानदेही पर पारिजात एंक्लेव के पास झाड़ियों से बरामद किया गया। आरोपी ने चोरी की गई गाड़ियों को ओएलएक्स के जरिए बेचने की कोशिश भी की थी।
सूरज भंडारी मूल रूप से शक्ति विहार, रायपुर का रहने वाला है और पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ डालनवाला और नेहरू कॉलोनी थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के पूरे आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।


