लेपर्ड–टाइगर के चिकन खाने पर पाबंदी, बर्ड–फ्लू की आशंका के चलते आदेश जारी
देहरादून। 22 अगस्त।
पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू की आहट के बाद उत्तराखंड वन विभाग ने राज्यभर में अलर्ट जारी कर दिया है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, राजाजी नेशनल पार्क, अन्य आरक्षित वन क्षेत्रों और चिड़ियाघरों को विशेष एहतियात बरतने तथा तय एसओपी का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। मालसी ज़ू सहित अन्य चिड़ियाघरों में मांसाहारी जानवरों को चिकन दिए जाने पर भी रोक लगा दी गई है।
प्रदेश की सीमा से सटे रामपुर जिले में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने की सूचना के बाद उत्तराखंड वन विभाग सतर्क हो गया है। मुख्यालय की ओर से आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून स्थित मालसी चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू को लेकर खास सावधानी बरती जा रही है। मांसाहारी वन्यजीवों के भोजन में बदलाव करते हुए चिकन पर रोक लगा दी गई है और फिलहाल उन्हें बीफ खिलाया जा रहा है। चिड़ियाघर परिसर का नियमित सैनिटाइजेशन किया जा रहा है और कर्मचारियों व पर्यटकों को वन्यजीवों के नजदीक जाने से भी रोका जा रहा है।
कॉर्बेट, राजाजी समेत सभी आरक्षित वन क्षेत्रों को बर्ड फ्लू से संबंधित एसओपी का कड़ाई से पालन करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही वन विभाग ने पशुपालन विभाग के साथ मिलकर समन्वय बनाने पर भी जोर दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
बर्ड फ्लू, जिसे एवियन इन्फ्लूएंजा भी कहा जाता है, एक संक्रामक बीमारी है जो मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करती है। यह वायरस पक्षियों से पक्षियों में फैलता है और कभी-कभी मनुष्यों को भी संक्रमित कर सकता है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर खतरे पैदा हो सकते हैं।


