पीएम मोदी को नंदा राजजात यात्रा के लिए किया जाएगा आमंत्रित

देहरादून, 6 अक्टूबर 2025। नन्दा राजजात यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को श्री नन्दा देवी राजजात समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुंवर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय समिति के अध्यक्ष एडवोकेट विनोद नौटियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मुलाकात की।
बैठक के दौरान समिति के महामंत्री भुवन नौटियाल ने मुख्यमंत्री को यात्रा की व्यवस्थाओं से संबंधित 52 सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसके साथ ही समिति ने पूर्व में भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र के दौरान पारित अनुपूरक बजट से टोकन मनी को संबंधित विभागों को आवंटित करने का भी अनुरोध किया।

प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वसंत पंचमी पर आयोजित होने वाले नन्दा राजजात मनौती एवं दिनपट्टा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नन्दा देवी मंदिर, नौटी में आमंत्रित किया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधि मंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागों को शीघ्र टोकन मनी जारी करने के निर्देश दिए और प्रधानमंत्री को आमंत्रण भेजने पर भी सहमति जताई।
इस अवसर पर गढ़वाल राजवंश की ओर से ठाकुर भवानी सिंह, कुमाऊं राजवंश की ओर से मनोज सनवाल, नन्दा देवी राजजात समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुंवर, पलायन आयोग के सदस्य सुरेश सुयाल, नन्दा देवी मंदिर समिति अल्मोड़ा के अध्यक्ष मनोज वर्मा, व्यापार संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष संजय शाह, सचिव पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, सदस्य डॉ. हरीश मैखुरी और संयोजक विशन सिंह कुंवर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान समिति द्वारा प्रस्तुत 52 सूत्री मांग पत्र पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।


