फर्जी दस्तावेज़ बनाकर UKSSSC की परीक्षा देने की योजना बनाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून, 4 अक्टूबर 2025। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षा में फर्जी दस्तावेजों के सहारे शामिल होने की कोशिश करने वाले एक अभ्यर्थी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक ही परीक्षा के लिए तीन अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से आवेदन किया था। जांच में सामने आया कि उसकी उम्र सरकारी भर्ती के लिए निर्धारित सीमा से अधिक हो चुकी थी, जिसके बाद उसने दस्तावेजों में हेराफेरी कर खुद को पात्र दिखाने की कोशिश की।
मामला तब उजागर हुआ जब आयोग ने अभ्यर्थियों के डाटा की जांच के दौरान एक आवेदन संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस को पत्र भेजा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले की गोपनीय जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद पता चला कि सुरेन्द्र कुमार पुत्र सलेक कुमार, निवासी कनकपुर, भोजपुर मोदीनगर, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) ने तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों से तीन फॉर्म भरकर टिहरी, हरिद्वार और देहरादून में परीक्षा केंद्रों का चयन किया था।
पुलिस की विस्तृत जांच में पाया गया कि सुरेन्द्र ने परीक्षा में अनुचित लाभ लेने की नीयत से फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किए और उनका उपयोग कर आवेदन किया। इस पर थाना रायपुर में सुरेन्द्र के खिलाफ धारा 318(4), 336(3) और 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह मूल रूप से गाजियाबाद के कनकपुर का रहने वाला है और वर्तमान में पिलखुआ, हापुड़ में परिवार के साथ रहता है। वह एक निजी स्कूल में शिक्षक है जबकि उसकी पत्नी भी उसी स्कूल में पढ़ाती है। आरोपी ने कबूल किया कि उसकी वास्तविक जन्मतिथि 1 अप्रैल 1988 है, लेकिन सरकारी नौकरी की आयु सीमा पार हो जाने के बाद उसने अभिलेखों में जन्मतिथि बदलकर 1 जनवरी 1995 करवा ली थी।
पुलिस के अनुसार सुरेन्द्र ने वर्ष 2007 में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी, लेकिन बाद में अपनी उम्र कम दिखाने के लिए 2012 में दोबारा हाईस्कूल और 2014 में इंटर की परीक्षा दी। इसके अलावा उसने वर्ष 2012 में राजस्थान से और 2018 में सोलन (हिमाचल प्रदेश) से बीए की डिग्री प्राप्त की। प्रतियोगी परीक्षाओं में पात्रता बनाए रखने के लिए उसने यह पूरा षड्यंत्र रचा था।
पुलिस ने सुरेन्द्र कुमार को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


