पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से होगा

हरिद्वार में जिला सैनिक परिषद की त्रैमासिक बैठक आयोजित

हरिद्वार, 26 सितंबर। अपर जिलाधिकारी (वित्त) दीपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सैनिक परिषद की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए एडीएम ने कहा कि उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि परिषद की बैठकों के अलावा पूर्व सैनिक अपनी समस्याएं तहसील दिवस और जन सुनवाई जैसे माध्यमों से भी दर्ज करा सकते हैं।
बैठक के दौरान कैंटीन, सैनिक मिलन केंद्र, गृहकर, भूमि विवाद और शस्त्र अनुज्ञापन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को इन विषयों पर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर (से.नि.) डॉ. सरिता पंवार ने किया। उन्होंने स्वागत उद्बोधन के साथ पिछली बैठक के बिंदुओं की समीक्षा प्रस्तुत की और अब तक हुई कार्यवाही की जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने पूर्व सैनिकों द्वारा रखे गए नए मुद्दों से अवगत कराया।
अंत में डॉ. पंवार ने सभी अधिकारियों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एच.के. सिंह सहित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कार्मिक, पूर्व सैनिक और ब्लॉक प्रतिनिधि मौजूद रहे।


