राजपुर में देर रात खाई में गिरा युवक, SDRF ने बचाया

देहरादून, 08 नवम्बर 2025। राजपुर रोड स्थित सनशाइन स्कूल के पास देर रात एक युवक के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, युवक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा था। सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा पोस्ट से उप निरीक्षक मुकेश रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर फायर सर्विस के सहयोग से बचाव अभियान शुरू किया।
अंधेरा होने और मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में लगभग 200 मीटर नीचे उतरकर घायल युवक को खाई से बाहर निकाला। मार्ग खराब होने के कारण एम्बुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई, ऐसे में टीम ने स्ट्रेचर की मदद से युवक को सुरक्षित रोड हेड तक पहुंचाया। घायल युवक की पहचान सचिन (27 वर्ष), निवासी पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।


