WIC में राष्ट्रीय खेल दिवस पर रेंजर्स पूल चैंपियनशिप का आयोजन

18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की आठ टीमें कर रही प्रतिभाग
देहरादून, 31अगस्त । वर्ल्ड इंटेग्रिटी सेंटर WIC इंडिया, देहरादून में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय रेंजर्स पूल चैम्पियनशिप 2025 की शुरुआत की गई । राजपुर रोड स्थित WIC परिसर में आयोजित इस टूर्नामेंट को लेकर प्रतिभागियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
चैम्पियनशिप में केवल 18 वर्ष से अधिक आयु वाले डब्ल्यूआईसी इंडिया के सदस्य ही हिस्सा ले रहे हैं। कुल आठ टीमों ने इसमें भागीदारी की है और प्रतियोगिता 8-बॉल पूल चैम्पियनशिप के प्रारूप पर आधारित है। इस दौरान चयन मुकाबलों के बाद क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और ग्रैंड फाइनल खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का संचालन रेफरी सारांश पुशोला कर रहे हैं।
पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले हुए। शुरुआती मुकाबला समक्ष गोयल और अमित राठौर के बीच हुआ । इसके बाद हेमंत कुमार और आर.के. बत्रा के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दिन का तीसरा मैच इशान आहूजा और वैभव जिंदल के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों को पूरी तरह रोमांचित कर दिया। सभी मैचों के परिणाम फाइनल दिवस पर घोषित किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
ग्रैंड फाइनल मुकाबला रविवार, 31 अगस्त 2025 को खेला जाएगा। इसी दिन रेंजर्स पूल ट्रॉफी 2025 के विजेताओं की घोषणा की जाएगी।
इस अवसर पर WIC इंडिया के निदेशक अंकित अग्रवाल और सचिन उपाध्याय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए सदस्यों के बीच खेल भावना, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि रेंजर्स पूल चैम्पियनशिप प्रतिभागियों के लिए न केवल खेल का आनंद लेने का मौका है बल्कि यह राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल की असली भावना को जीने और अविस्मरणीय अनुभव बनाने का भी अवसर है।


