विधायक का गनर गदेरे में बहा, एसडीआरएफ ने बमुश्किल बचाया

बागेश्वर/देहरादून, 29अगस्त। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में शुक्रवार, 29 अगस्त को आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया के साथ एक बड़ी दुर्घटना टल गई। विधायक गढ़िया राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे थे और इसी क्रम में उन्हें एक उफनती बरसाती नदी पार करनी पड़ी। पानी का तेज बहाव इतना खतरनाक था कि विधायक जी को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों को भी पूरी ताकत लगानी पड़ी।
इसी दौरान एक अनहोनी होते-होते बच गई। विधायक के साथ मौजूद उनका पर्सनल जनरल नदी की धारा में अचानक बहने लगा। तेज धारा में कुछ ही पल के लिए उसका संतुलन बिगड़ा और वह पानी में बहता चला गया। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसी तरह उसे पकड़कर बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। थोड़ी देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय रहते सतर्कता बरतने से बड़ा हादसा टल गया।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे उफनते पानी में विधायक और उनके साथ मौजूद लोगों को संभालना जवानों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया था। राहत की बात यह रही कि किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा। घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि आपदा की परिस्थितियों में जमीनी स्तर पर काम कर रहे जवान किस तरह अपने साहस और तत्परता से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।


