नाले में फंसे पांच लोगों को SDRF-NDRF ने बचाया

बागेश्वर के पोंसारी गांव में भारी बारिश के बाद बिगड़े हालात
बागेश्वर, 31 अगस्त। जिले के पोंसारी गाँव में भारी बारिश के बाद हालात अचानक बिगड़ गए। मूसलधार बारिश से गांव के समीप का नाला देखते ही देखते उफान पर आ गया और पानी का तेज बहाव कई घरों के पास तक पहुंच गया। इस दौरान गांव के ही दो पुरुष, दो महिलाएं और एक शिशु नाले में फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों चले राहत अभियान के बाद पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता पाई।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, भारी बारिश का सिलसिला देर रात शुरू हुआ था, जो कुछ ही समय में बादल फटने जैसी स्थिति में बदल गया। अचानक आए पानी के तेज बहाव ने खेतों और रास्तों को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि पोंसारी नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे पांच लोग बीच में ही फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव दल को भेजा। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर फंसे लोगों को रस्सियों और सुरक्षा उपकरणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों में शिशु को भी किसी तरह की चोट नहीं आई है, जिससे राहत की सांस ली गई। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को अस्थायी तौर पर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है।
मौसम विभाग ने पहले ही राज्य के अधिकांश जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के लिए जिला प्रशासन को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
खास खबरें:



One thought on “नाले में फंसे पांच लोगों को SDRF-NDRF ने बचाया”