SDRF ने कर्लीगाड़ हादसे में लापता युवक का शव खोजा

देहरादून, 20 सितंबर। राजधानी के कर्लीगाड़ गांव में भूस्खलन के मलबे से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। 16 सितम्बर को सहस्त्रधारा क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि के चलते बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ था, जिसमें तीन लोग मलबे में दब गए थे। शनिवार को मलबा हटाने की कार्यवाही के दौरान एक शव बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान वीरेंद्र पुत्र पथरू, निवासी ग्राम मसरिया, थाना मेहरमा, जिला गोड्डा (झारखंड) के रूप में हुई है। शव की पहचान मृतक की पत्नी ने की।
आपदा कंट्रोल रूम देहरादून से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर सिंह राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची। दुर्गम और पथरीले रास्तों से होते हुए टीम ने शव को सुरक्षित तरीके से सड़क मार्ग तक पहुँचाया और आगे की कार्यवाही के लिए पुलिस को सुपुर्द किया।
पुलेथ गाँव में बीमार महिला को स्ट्रेचर पर पहुँचाया अस्पताल

देहरादून जिले के फुलेथ गाँव में बादल फटने से सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है, जिसके चलते गाँव का संपर्क बाहरी दुनिया से टूट गया। इस बीच शुक्रवार को गाँव की 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला केवला देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा की जरूरत थी, लेकिन रास्ता बंद होने के कारण परिजनों के लिए यह बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया।
इसी दौरान SDRF की टीम, जो पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में सर्च और राहत अभियान चला रही थी, मदद के लिए आगे आई। उप निरीक्षक मनोज रावत के नेतृत्व में टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को स्ट्रेचर पर उठाया और करीब चार किलोमीटर लंबे दुर्गम पैदल रास्ते से होते हुए सुरक्षित रूप से रोड हेड तक पहुँचाया। वहाँ से उन्हें एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Health से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें


