श्रमायुक्त कार्यालय की ऐतिहासिक पहल: ऑनलाइन लेबर सेस मैनेजमेंट सिस्टम किया लागू

देहरादून, 17 सितंबर। उत्तराखंड श्रमायुक्त कार्यालय ने श्रम कल्याण प्रशासन में डिजिटल क्रांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ऑनलाइन लेबर सेस मैनेजमेंट सिस्टम को सफलतापूर्वक लागू किया है। यह पहल राज्य में न केवल पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ावा दे रही है, बल्कि पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल के रूप में भी उभर रही है।
अब तक लेबर सेस का आकलन और जमा पूरी तरह ऑफलाइन प्रणाली पर आधारित था, जिससे अनियमितताओं और विभागीय शिथिलता की शिकायतें आम थीं। इस चुनौती को स्वीकार करते हुए उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) ने बिना किसी सरकारी या विभागीय व्यय के एक अभिनव ऑनलाइन समाधान तैयार किया और उसे धरातल पर उतारा। इस परियोजना में एचडीएफसी बैंक ने अपने सीएसआर कार्यक्रम के तहत सहयोग दिया।
Also Read: वर्दी पर दाग़
नए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का प्रभाव उल्लेखनीय रहा है। इसके लागू होने के बाद सिर्फ एक वर्ष में राजस्व में 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और करीब 10,000 प्रतिष्ठानों का पंजीकरण इस प्रणाली से जोड़ा गया है। सेस प्रबंधन की पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही में भी अभूतपूर्व सुधार दर्ज किया गया है।
इस नवाचार को भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्री, सचिव और संयुक्त सचिव ने सराहते हुए अन्य राज्यों में भी लागू करने योग्य मॉडल पहल बताया है। इसी क्रम में आज भारत सरकार के संयुक्त सचिव अशुतोष की अध्यक्षता में इसकी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिकृति को लेकर चर्चा आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड से श्रमायुक्त पी.सी. डुम्का, परियोजना प्रमुख (UKBOCW) दुर्गा चमोली और एचडीएफसी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।


