हरिद्वार से शुरू होगा स्वास्थ्य पखवाड़ा
हरिद्वार, 9 सितंबर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक उत्तराखंड सरकार “स्वास्थ्य पखवाड़ा” का आयोजन बड़े पैमाने पर करने जा रही है। इसकी शुरुआत हरिद्वार से हो रही है, जहां स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाएं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं: सीएम
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पीसीपीएनडीटी एक्ट का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना है। साथ ही लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी प्राथमिकता है।

बैठक में विधायक प्रदीप बत्रा, ममता राकेश सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. कुमार ने कहा कि यह पखवाड़ा केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन और समाज के बीच संवाद व सेवा का सेतु बनेगा। उन्होंने जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और निजी मेडिकल कॉलेजों तक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में हृदय रोग, मधुमेह, स्त्री एवं बाल रोग जैसी बीमारियों की जांच और उपचार होगा। साथ ही रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे।
स्वास्थ्य सचिव ने निक्षय मित्र योजना को भी प्राथमिकता देने की बात कही और अपील की कि सभी अधिकारी व जनप्रतिनिधि टीबी मरीजों को गोद लें, ताकि उन्हें पोषण व मानसिक सहयोग मिल सके।
इस मौके पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने स्वास्थ्य सचिव का स्वागत किया और पखवाड़े को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार का आश्वासन दिया। बैठक में विभागीय कार्ययोजना को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसमें सभी विभागों की सहभागिता पर बल दिया गया।


