तीन किलोमीटर पैदल चलकर SDRF ने नदी से निकाला शव

उत्तरकाशी, 23 सितम्बर। जनपद उत्तरकाशी के गिरोला तप्पड़ क्षेत्र में मंगलवार को नदी में एक शव दिखाई देने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मोरी से एसडीआरएफ की टीम को रवाना किया गया। लेकिन नदी तक पहुंचाने के लिए कोई मार्ग न होने के कारण एसडीआरएफ के जवानों को तीन किलोमीटर वैकल्पिक मार्ग अपनाते हुए शव को निकाल कर मुख्य मार्ग तक लाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
मंगलवार को मोरी थाना क्षेत्र के गिरोला तप्पड़ क्षेत्र में पुलिस को एक शव देखे जाने की जानकारी मिली।
सूचना मिलने पर SDRF पोस्ट मोरी से उपनिरीक्षक अनिल आर्य के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने देखा कि शव नदी के बीचों-बीच फंसा हुआ है। तेज बहाव और दुर्गम रास्ते के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। SDRF के जवानों ने हिम्मत दिखाते हुए लगभग दो से तीन किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाया और कठिन परिस्थितियों में शव तक पहुंचने में सफलता हासिल की। कड़ी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित मुख्य मार्ग तक लाया गया और फिर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।
मृतक की पहचान देव राज (31 वर्ष), पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम पाशा, थाना मोरी, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है।


