ऑटोमेटेड पार्किंग प्रोजेक्ट से जुड़ी फ्री सखी कैब सेवा शुरू

देहरादून 15 अक्टूबर 2025 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से जिला प्रशासन की पहल पर शहर को जाममुक्त और सुगम यातायात व्यवस्था की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। परेड ग्राउंड स्थित ऑटोमेटेड पार्किंग प्रोजेक्ट के तहत दो नई “फ्री सखी कैब” ई-वाहन सेवाओं की शुरुआत की गई है। यह सुविधा आम जनता को निःशुल्क ड्रॉप एंड पिकअप सेवा प्रदान करेगी। जल्द ही छह और सखी ईवी वाहन इस सेवा में जोड़े जाएंगे। इस परियोजना के लिए निविदा (आरएफपी) भी अपलोड कर दी गई है।
बुधवार को परेड ग्राउंड से विधायक खजानदास, महापौर सौरभ थपलियाल, जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह ने संयुक्त रूप से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सखी वाहन परेड ग्राउंड ऑटोमेटेड पार्किंग से पांच किलोमीटर के दायरे में शहरवासियों को फ्री शटल सेवा प्रदान करेंगे। इसके लिए प्रशासन द्वारा गांधी पार्क, पल्टन बाजार, घंटाघर, राजपुर रोड, सचिवालय मार्ग, एस्लेहॉल ग्लोब चौक, क्रॉस रोड मॉल आदि स्थानों पर स्टॉप भी चिन्हित किए गए हैं।
ऑटोमेटेड पार्किंग का संचालन राज्य में पहली बार महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से किया जा रहा है। वर्तमान में कृष्णा महिला स्वयं सहायता समूह इस पार्किंग का संचालन कर रहा है, जिससे प्रतिदिन लगभग ₹29,120 की आय हो रही है। अब सखी ईवी वाहनों की शुरुआत से यह आय और बढ़ने की संभावना है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बनाई गई यह ऑटोमेटेड पार्किंग परंपरागत पार्किंग की तुलना में तीन गुना सस्ती है और कम समय में निर्मित हुई है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी कमी आएगी। फ्री सखी कैब सेवा से लोग पार्किंग में वाहन खड़ा कर आसानी से व्यस्त बाजार क्षेत्रों तक निःशुल्क पहुंच सकेंगे।
विधायक खजानदास ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट न केवल यातायात प्रबंधन में मददगार साबित होगा बल्कि महिला सशक्तीकरण का भी उत्कृष्ट उदाहरण है। जल्द ही आठ और सखी वाहन इस परियोजना में जोड़े जाएंगे।
परेड ग्राउंड, तिब्बती मार्केट और कोरोनेशन हॉस्पिटल क्षेत्र में निर्मित तीनों ऑटोमेटेड पार्किंग स्थलों में कुल 261 वाहनों की क्षमता है। इन पार्किंगों को मुख्यमंत्री धामी जल्द ही औपचारिक रूप से जनमानस को समर्पित करेंगे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अब गांधी पार्क, सुभाष रोड, घंटाघर, तिब्बती मार्केट जैसी सड़कों पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने पर उन्हें सीज किया जाएगा। इसके लिए एक समर्पित क्रेन भी पिछले एक माह से तैनात है।


