UKSSSC पेपर लीक : स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा निरस्त

सीएम धामी बोले–अभ्यर्थियों के हित में होगा निर्णय
देहरादून, 11 अक्टूबर 2025: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को निरस्त कर दिया है। यह फैसला परीक्षा के बाद सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र के कुछ स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद लिया गया। आयोग की ओर से कहा गया है कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए यह निर्णय आवश्यक था। गौरतलब है कि यह परीक्षा 21 सितंबर 2025 को आयोजित हुई थी। परीक्षा शुरू होने के लगभग आधे घंटे बाद ही इसके तीन पन्ने व्हाट्सएप पर वायरल हो गए थे। जांच में पता चला कि खालिद मलिक नाम के व्यक्ति ने असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को प्रश्नपत्र भेजे थे। इस मामले में खालिद की बहन साबिया की भूमिका भी सामने आई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद पूरे प्रदेश में अभ्यर्थियों का आक्रोश फूट पड़ा था। बेरोजगार संगठन के सदस्यों ने देहरादून के परेड ग्राउंड में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद धरना स्थल पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने आंदोलन स्थगित किया। साथ ही अभ्यर्थियों की एक प्रमुख मांग यह भी थी कि परीक्षा को निरस्त किया जाए और उसका रोस्टर पुनः जारी किया जाए। शनिवार को आयोग ने इस मांग पर कार्रवाई करते हुए परीक्षा रद्द करने का आदेश जारी कर दिया।
इसी बीच, परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अंतरिम रिपोर्ट सौंपी। सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता वाले आयोग ने अल्प समय में कई जनसुनवाई कर अभ्यर्थियों और संबंधित पक्षों के सुझाव जुटाए। मुख्यमंत्री धामी ने आयोग के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार रिपोर्ट का परीक्षण कर अभ्यर्थियों के हित में उचित निर्णय लेगी।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी भर्ती परीक्षा में अनियमितता की गुंजाइश न रहे और अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों का विश्वास परीक्षा प्रणाली पर पूरी तरह कायम रहे।


