उत्तराखंड पर्यटन को मिले दो ‘गोल्डन बैन्यान अवार्ड’

नई दिल्ली, 13 सितंबर। नई दिल्ली में आयोजित द वीक मैगज़ीन के हेरिटेज अवार्ड समारोह में उत्तराखंड पर्यटन को दो प्रतिष्ठित ‘गोल्डन बैन्यान अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान केंद्रीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रदान किया। राज्य की ओर से पर्यटन निदेशक दीपक खंडूरी ने यह अवार्ड ग्रहण किया।
अवार्ड में ऋषिकेश की गंगा आरती को रिवरसाइड हेरिटेज टूरिज्म श्रेणी में और चारधाम यात्रा को बेस्ट टूरिस्ट सर्किट/ट्रेल श्रेणी में सम्मानित किया गया। पर्यटन निदेशक दीपक खंडूरी ने इसे राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण तथा पर्यटन विकास की उत्कृष्टता की स्वीकृति बताया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की जनता, पर्यटकों और सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने इस सम्मान को प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को समर्पित करते हुए भविष्य में और नई उपलब्धियाँ हासिल करने का संकल्प व्यक्त किया।


