यमुनोत्री हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत, तीन की मौत, दो गंभीर

विकासनगर, 8 सितंबर। दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंशीपुर के पास रविवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के समय इलाके में बारिश और अंधेरा था।
पुलिस के अनुसार हादसा बंशीपुर स्थित राजस्थान मार्बल के पास हुआ। टक्कर के बाद मौके पर पांच युवक घायल अवस्था में पड़े मिले। सभी को एंबुलेंस से हरबर्टपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां लंबरपुर बरोटीवाला निवासी 20 वर्षीय वेदांश और आसन पुल वार्ड नंबर आठ निवासी 20 वर्षीय धोनी कश्यप ने दम तोड़ दिया।
वहीं, हरबर्टपुर के विवेक विहार निवासी 17 वर्षीय रमनदीप, आसनपुल निवासी विवेक कश्यप और शाहपुर कल्याणपुर रामगढ़ निवासी अंकित को धूलकोट स्थित निजी अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान रमनदीप की भी मौत हो गई, जबकि विवेक और अंकित की हालत गंभीर बनी हुई है।


