दून पुलिस की मदद से अपने घर रोहतक लौटा युवक

देहरादून: 28अगस्त। दून पुलिस ने एक बार फिर मानवता का परिचय देते हुए घर से बिछड़े एक युवक को सकुशल उसके परिजनों से मिलवाया। मानसिक रूप से अक्षम यह युवक कई दिनों से दर-दर भटक रहा था और अपने घर का रास्ता तक भूल गया था। पुलिस की सजगता और संवेदनशीलता से वह अपने परिवार के पास लौट सका।
जानकारी के अनुसार, रानीपोखरी थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। पुलिसकर्मियों ने उसे विश्वास में लेकर उसके बारे में पूछताछ की, लेकिन वह अपने नाम के अलावा कोई अन्य जानकारी देने में सक्षम नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई और उसके परिजनों की खोज शुरू की।
थाना रानीपोखरी पुलिस ने युवक की तस्वीर को आस-पास के थानों, जनपदों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया। लगातार किए जा रहे प्रयासों के बाद पता चला कि युवक हरियाणा के रोहतक का निवासी है और 23 अगस्त 2025 से अपने घर से लापता था। यह जानकारी मिलते ही पुलिस ने रोहतक पुलिस से संपर्क किया और युवक के परिजनों तक सूचना पहुंचाई।
परिजनों को जब खबर मिली तो उन्होंने राहत की सांस ली और तत्काल देहरादून पहुंचे। थाना रानीपोखरी में सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को सकुशल उनके हवाले कर दिया गया। अपने बेटे को पाकर परिजनों की आंखें भर आईं। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की कार्यशैली और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए दून पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।


